बिसवां/सीतापुर। सितंबर माह तक चलने वाली संपूर्णता अभियान की शुरुआत नीति आयोग के उप सलाहकार उपेंद्र गुप्ता और सीडीओ निधि बंसल ने आकांक्षी ब्लॉक बिसवां से की। सीडीओ ने फ्रंटलाइन वर्कर और अन्य प्रतिभागियों को संपूर्ण अभियान को लेकर शपथ दिलाई। उप सलाहकार ने संपूर्णता अभियान की जानकारी देते हुए इसकी प्राथमिकताएं गिनाई। इसकी रूपरेखा को भी रेखांकित किया।
सीडीओ निधि बंसल ने तीन गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की। एक बच्चे का अन्नप्राशन भी किया। संपूर्णता अभियान के बारे में पीएम के संदेश को प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कपूर, सीडीपीओ शबीना, एडीओ कृषि अमित यादव, एडीओ आईएसबी ओमकार जायसवाल, बीईओ शिवमंगल सिंह वर्मा ने विभागीय कार्य योजना के बारे में बताया। संपूर्ण देश में प्रारम्भ हुए संपूर्णता अभियान को लेकर नीति आयोग के उपसलाहकार उपेंद्र गुप्ता ने बिसवां बीडीओ और अन्य अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के कार्यक्रमों और योजनाओं का जायजा लिया।
अस्पताल और विद्यालय के कार्यों की हुई पड़ताल
नीति आयोग के उप सलाहकार टिकरा पीएचसी पहुंचे। डायबिटीज व हाइपरटेंशन के मरीजों और गर्भवती महिलाओं को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी की। ग्राम पंचायत मझिगवां कला आंगनबाड़ी केंद्रों का जायजा लिया। एक गर्भवती महिला की गोदभराई और एक बच्चे का अन्नप्राशन किया। प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से बातचीत की। उनके साथ सेल्फी प्वाइंट में सेल्फी ली और अफसरों से संपूर्णता अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका अदा करने पर जोर दिया। कहा कि सरकार की मंशा को पूर्ण करें। प्राथमिक विद्यालय सराय के बच्चों से संचारी रोगों के बारे में जानकारी किया और उनसे बातचीत की। इस मौके बीडीओ सुमित सिंह, सीएससी अधीक्षक डॉ. अमित कपूर संग अन्य जिम्मेदार मौजूद रहे।