सीतापुर। दो नौनिहालों ने 33वीं प्रादेशिक बेसिक खेलकूद प्रतियोगिता में पांच पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया है। बीएसए ने इन बच्चों की सराहना कर बधाई दी है।लखनऊ के गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में 13 से 15 मार्च के बीच आयोजित 33वीं प्रादेशिक बेसिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। लखनऊ मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए कंपोजिट विद्यालय कनरखी रामपुर मथुरा के छात्र बाबूलाल ने राज्य स्तरीय तैराकी में 200 मीटर फ्री स्टाइल में स्पर्ण पदक, 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक व 50 मीटर बैक स्ट्रोक में एक-एक रजत पदक जीता है।
वहीं मोनू ने 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक व 100 मीटर बैक स्ट्रोक में ब्रांज मेडल पर कब्जा जमाया है। बीएसए अजीत कुमार ने पदक विजेता बच्चों की सराहना की है। उन्होंने प्रधानाध्यापक श्रीराम चौहान, व्यायाम शिक्षक राजकुमार मौर्य, बीईओ नवीन कुमार व जनपद टीम के प्रभारी राज शर्मा को बधाई दी।