सिधौली (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में संदिग्ध हालात में मंगलवार को एक ऑटो चालक का शव नहर में उतराता मिला। वह घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस नशे की हालत में अधेड़ के नहर में डूबने की बात कह रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गुरुबख्शपुर मजरा मुजफ्फरपुर निवासी रामस्वरूप (45) लखनऊ में ऑटो चलाता था। सोमवार को वह घर से 200 रुपये लेकर बौनाभारी बाजार जाने की बात कहकर निकला था। काफी देर बाद भी वह घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह उसका शव अटरिया थाना क्षेत्र में बौनाभारी गांव के पास स्थित महामाई बाजार के निकट नहर में उतराता मिला। परिजनों ने रंजिश में गांव के ही तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। रामस्वरूप के दो पुत्र और एक पुत्री हैं।
इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि युवक ने पास के ही एक ठेके से शराब पी थी। संतुलन बिगड़ जाने से वह नहर में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। जिन पर आरोप लगाया गया है, उनसे भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।