फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: आवास लाभार्थी चयन के लिए सर्वे संग होगा परिवार रजिस्टर में संशोधन

Sun, 08 Sep 2024 12:44 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से वंचित पात्र लाभार्थियों को अब आवास की सुविधा मिलेगी। जिन पात्र लाभार्थियों काे किन्हीं वजहाें से आवास की सुविधा नहीं मिल सकी है। जिनके नाम परिवार रजिस्टर में किन्ही कारणों से दर्ज नहीं हैं, उन्हें भी लाभान्वित किया जाएगा।
विज्ञापन

मुख्य विकास अधिकारी निधि बंसल ने शनिवार को विकास भवन में प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी है। बताया कि ग्राम पंचायतवार सर्वे कर उनका नाम आवास सूची में जोड़ा जाएगा, जिससे उन्हें आवास के लिए धनराशि दी जा सके। सर्वेक्षण के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है। सर्वे में परिवार रजिस्टर भी संशोधित किया जाएगा। इस कार्य में यदि किसी ने दलाल और बिचौलिया बनकर ठगी का प्रयास किया तो उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी।
आवास योजना का लाभ देने के लिए नए मानक तय किए गए हैं। इसके लिए जिले की सभी 1588 ग्राम पंचायतों में सर्वेक्षण कराया जाएगा। इसकी तैयारी की जा रही है। सर्वे का काम सचिव, सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) एजी, एडीओ सहकारिता, एडीओ आईएसबी, एडीओ पंचायत, बोरिंग टेक्नीशियन, लघु सिंचाई व ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जेई, कृषि रक्षा पर्यवेक्षक, प्राविधिक सहायक कृषि की ओर से किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी निधि बंसल ने बताया कि जब प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के चयन के लिए सर्वे किया जाएगा तो सर्वे के साथ ही परिवार रजिस्टर को संशोधित करने का भी काम होगा। परिवार रजिस्टर संशोधन के लिए संबंधित परिवार से शपथ-पत्र लिया जाएगा।
विज्ञापन


सर्वेयर नियुक्त करने में चार ब्लॉक फिसड्डी
जिले में 19 ब्लॉक हैं। यहां की ग्राम पंचायतों में सर्वेयर नियुक्त किए जाने हैं। यह काम चल रहा है। इसमें खैराबाद, महोली, परसेंडी, पिसावां ब्लॉक फिसड्डी हैं। इनकी ओर से एक भी ग्राम पंचायत में सर्वेयर की तैनाती नहीं की गई है। सात सितंबर तक तकरीबन 54 फीसदी सर्वेयर ही तैनात हो सके हैं। काम में लहरपुर ब्लॉक अव्वल है। यहां की सभी ग्राम पंचायतों में सर्वेयर तैनात हो गए हैं। 201 सर्वेयर पंजीकृत हो गए हैं।

मानकों की जानकारी के लिए होगी वॉलराइटिंग
पात्रता और अपात्रता के मानकों की ग्राम पंचायत में सार्वजनिक स्थान पर वॉलराइटिंग कराई जाएगी, जिससे सभी को इसकी जानकारी हो सके। सर्वे का काम पूरा होने तक इस मध्य आयोजित सभी तहसील, थाना दिवसों में आवास योजना के नए मानकों व चयन प्रक्रिया की जानकारी देने की व्यवस्था बीडीओ कराएंगे। सचिव और बीडीओ को जो प्रार्थना पत्र प्राप्त होंगे। इसकी अलग पत्रावली बनेगी। इसमें निस्तारण सुरक्षित रखा जाएगा। योजना के प्रचार-प्रसार व लाभार्थियों की जागरूकता के लिए ब्लॉक में बनवाए गए मॉडल आवास को चिह्नित लाभार्थियों का दिखाया जाना है।

इन्हें मिलेगा घर
गांवों में रहने वाले बेघर, एक और दो कमरे की कच्ची छतों और कच्ची दीवारों के मकानों में रहने वाले परिवार ही आवास प्राप्त करने के लिए पात्र होंगे।

आवास योजना में सर्वेक्षण से लेकर पात्र लाभार्थी को लाभ मिलने तक पूरी प्रक्रिया निशुल्क है। किसी भी व्यक्ति द्वारा आवास दिलाने के नाम पर पैसे मांगे जाने या किसी तरह की अन्य अफवाह फैलाने का कार्य किया जा रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल ग्राम पंचायत के सचिव, बीडीओ या डीआरडीए दफ्तर में दी जा सकती है। उसे चिन्हित करते हुए दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

निधि बंसल, मुख्य विकास अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें