पिसावां (सीतापुर)। सीडीओ ने ब्लाॅक और पांच ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। विकास से जुड़े अफसरों के साथ कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को समय से गुणवत्तापरक कराया जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त होगी।
गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी अक्षत वर्मा ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने जिला पंचायती राज अधिकारी मनोज कुमार, जिला विकास अधिकारी हरिश्चंद प्रजापति के साथ ब्लाॅक का निरीक्षण किया। योजनाओं से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। बीडीओ व ब्लॉक के सभी सचिवों, टीए, एडीओ की उपस्थिति में विकास कार्यों की समीक्षा की।
इस दौरान आवास, शौचालय, स्वयं सहायता समूह, संपूर्ण स्वच्छता आदि कार्यों की प्रगति जानी। सीडीओ ने कहा कि शासन के प्राथमिकता वाले कार्यों को समय से पूरे करें।
बैठक के बाद सीडीओ ने विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने के लिए ग्राम पंचायत बीहट गौड़ में पंचायत घर, वजीरनगर मे हाट बाजार और बहुबनी ग्राम पंचायत के अमृत सरोवर को देखा। कार्य संतोषजनक मिला। नेरी की गोशाला में टिनशेड बदलवाने के निर्देश दिए। संसड़ा गोशाला का निरीक्षण किया।