लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा भदफर में सोमवार देर शाम तालाब के पास विशालकाय मगरमच्छ दिखने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मगरमच्छ पंकज मिश्रा के घर के निकट स्थित तालाब के पास दिखा। सूचना पर ग्रामीण मौके पर जुट गए। इस दौरान गांव के योगेश अवस्थी ने मगरमच्छ का वीडियो बना लिया। उन्होंने बताया कि रोशनी देख कर मगरमच्छ वापस तालाब में चला गया। सूचना पर रात में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम के मुताबिक, मगरमच्छ का पता नहीं चल सका है। वन दरोगा अरविंद गिरि ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्होंने दोबारा टीम के साथ तालाब का निरीक्षण किया, लेकिन तालाब में कुंभी अधिक होने के कारण मगरमच्छ दिखाई नहीं दिया। उन्होंने तालाब के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को सतर्क करते हुए कहा कि मगरमच्छ दिखाई देने पर विभाग को सूचना दें।