महमूदाबाद (सीतापुर)। एक जालसाज ने शिक्षक के बैंक खाते से 18500 रुपये पार कर दिए। मोबाइल पर आए मैसेज देख वह सकते में आ गए। छह बार में उनके खाते से रकम निकाल ली गई। उन्होंने बैंक प्रबंधक से इस मामाले की शिकायत की है लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। मामला महमूदाबाद के पलिया मजरे मझिगवां से जुड़ा है। मझिगवां निवासी प्राचार्य मायाराम वर्मा का बैंक ऑफ इंडिया की महमूदाबाद की शाखा में बैंक अकाउंट है। बताया कि जालसाज ने उनके अकाउंट से 18500 रुपये पार कर दिए। 13 जनवरी को पहली बार में पांच हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। शिकायत की तो अधिकारियों ने बैंक बुलाया। जब तक वह बैंक पहुंचते छह बार में एटीएम से 18 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए। पुलिस में भी शिकायत की गई लेकिन कुछ नहीं हुआ। मामला साइबर क्राइम से जुड़ा होने के बावजूद पुलिस ने पीड़ित का प्रार्थनापत्र लेकर रख लिया। अब मायाराम अपनी रकम वापसी को लेकर भटक रहे हैं। वहीं आठ जनवरी को शुकुलपुरवा प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक के बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से 10 हजार रुपये भी निकाल लिए गए थे। इस मामले में भी पुलिस अभी तक कोई सुराग हासिल नहीं कर सकी है।