सीतापुर। मामूली विवाद में प्रधान व उसके साथी ने बुधवार रात घर में सो रहे एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। पत्नी की तहरीर पर प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपी फरार हैं। घटना खैराबाद के मूसेपुर मुतवल्ली गांव की है। गांव निवासी कल्लू (35) बुधवार रात परिवार के साथ घर के बरामदे में सो रहा था। आधी रात के बाद घर में घुसे दबंगों ने उसे गोली मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी आ गए लेकिन तब तक हमलावर भाग निकले। पत्नी कलावती व भाई सर्वेश ने बताया कि कल्लू का खड़ंजा उखाड़ने को लेकर कुछ दिनों पूर्व प्रधान से विवाद हुआ था। कल्लू ने पुलिस अधीक्षक व एसडीएम समेत कई अधिकारियों से प्रधान की शिकायत भी की थी। आरोप है कि इसी शिकायत के चलते प्रधान रंजिश मानता था। रंजिश के चलते प्रधान ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर कल्लू की गोली मार कर हत्या कर दी। पत्नी ने ग्राम प्रधान राजू, सूरज, कल्लू पुत्र बुद्धा, पप्पू व योगेंद्र के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए खैराबाद थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष का कहना है कि कल्लू की पत्नी की तहरीर पर पांचों लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।