झींगालाला रेस्टोरेंट में छापेमारी, नोटिस
सीतापुर। डीएम डॉ. सारिका मोहन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को शहर के प्रतिष्ठित झींगालाला रेस्टोरेंट पर छापेमारी की। छापे के दौरान रसोई में गंदगी पाई। इसे लेकर रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस दिया है। वहीं लड्डू व बर्फी के नमूने सुरक्षित किए गए, जिनको जांच के लिए लखनऊ भेजा गया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश मिश्रा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पीके वर्मा व अजय कुमार की टीम ने गुरुवार की शाम जेल रोड स्थित झिंगालाला रेस्टोरेंट पर छापेमारी की। टीम को देखते ही रेस्टोरेंट में हड़कंप मच गया। यहां पर क्वालिटी की गारंटी देते हुए बोर्ड लगे थे। जिसमें टीम को नवरत्न के लड्डू व बर्फी पर संदेह हुआ। टीम ने दोनों मिठाइयों के सैंपल सुरक्षित किए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि लड्डू पर मोटा वर्क चढ़ा था जबकि बर्फी किस तेल से बनाई गई है, उसकी गुणवत्ता जांचना जरूरी था। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट की रसोईं में गंदगी पाई गई है। वहां हर तरफ गंदगी ही नजर आ रही थी। इससे वहां पर तैयार हो रही मिठाइयों में संक्रमण का खतरा था। इस लापरवाही को लेकर रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस जारी किया गया है। सुरक्षित किया गया खाद्य सैंपल लखनऊ लैब में जांच के लिए भेजा गया है।