गड्ढामुक्त सड़कों की प्रगति खराब मिलने पर बिफरीं डीएम
सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. सारिका मोहन को जर्जर सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के कार्यों की समीक्षा में प्रगति खराब मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को नोटिस थमा दिया। साथ ही उन्होंने लोनिवि को गुणवत्तापरक सड़कों का निर्माण कराने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक् में डीएम डॉ. सारिका मोहन ने जनपद के गडढ़ा मुक्त सड़कों की समीक्षा कर प्रगति ली। इस पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया और निर्देश दिए कि कार्य का विवरण, धनराशि के विवरण सहित गुणवत्ता युक्त सभी रिपोर्ट शुक्रवार शाम तक प्रस्तुत करें। ताकि बरसात के पूर्व यह पता चल सके कि किस गुणवत्ता के साथ सड़कें गडढ़ा मुक्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि सीतापुर, मिश्रिख, महोली, लहरपुर व सिधौली की संख्या 838 है, जिनमें 686 सड़कों को गडढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया था। साथ ही कुल 152 सड़कें निर्माणाधीन हैं। उन्होंने लोनिवि अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि वे गुणवत्तापरक सड़कों का निर्माण कराएं और अपनी पूरी रिपोर्ट संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारियों को दें तथा उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर से सड़कों की गुणवत्ता की जांच करें तथा रिपोर्ट प्रशासन को भेजें। बैठक में अपर जिलाधिकारी राकेश चंद्र शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार पटेल आदि उपस्थित रहे।