सीतापुर। जिले की 138 ग्राम पंचायतों में किसान सम्मान निधि समस्या समाधान के लिए शिविर लगाया गया। कृषि विभाग के अफसरों की अगुवाई में आयोजित शिविर में 5,577 शिकायतें किसानों ने दर्ज कराईं। इनमें से 4,550 मामलों का निस्तारण किया गया। नए आवेदन भराने की कार्रवाई भी की गई।
गोदलामऊ ब्लॉक की ग्राम सभा कोठावां के पंचायत भवन में किसान सम्मान निधि कैंप लगाया गया। इसमें किसानों ने केवाईसी कराया। कृषि विभाग के मुकेश कुमार यादव ने किसानों को बैंक अकाउंट, आधार कार्ड, खतौनी, मोबाइल नंबर की जांच की।
लहरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत नगई मल्लापुर में पंकज कुमार प्रथम, बनकट में गंगाराम,अकैचनपुर में पंकज कुमार सेकंड, रावल अदेशर में सर्वेश कुमार गौतम ने किसानों की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण किया। विषय वस्तु विशेषज्ञ नेत्रपाल सिंह ने बताया कि लैंड सीडिंग के 15, आधार सीडिंग के 32, ईकेवाईसी की नौ शिकायतें प्राप्त हुई। जिसमें से 41 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारित कर दिया गया।
हरगांव ब्लॉक की ग्राम पंचायत सेलूमऊ में तकनीकी सहायक रामदयाल, जनसेवा केंद्र से मो. सुहेल व डाक विभाग से विमल कुमार सिंह और लेखपाल प्रेम चंद्र ने किसानों की समस्याएं सुनीं। रोस्टर के अनुसार अन्य ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए गए। उप कृषि निदेशक डाॅ. एसके सिंह ने बताया 4550 शिकायतों का निस्तारण किया गया।