सीतापुर। शहर कोतवाली पुलिस ने ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए एक युवक के चार लाख 44 हजार रुपये दो दिन में ही वापस करवा दिये। पुलिस ने एक बैंक खाते को फ्रीज करते हुए पीड़ित की धनराशि उसके खाते में वापस कराई।
रामकोट के सहसापुर गांव निवासी देवेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि 31 अक्तूबर को उसके पास एक फोन आया। ठग ने ट्रेडिंग कंपनी का एजेंट बताते हुए पैसा निवेश किए जाने की बात कही। ठग ने सारी जानकारी देते हुए पीड़ित को झांसे में ले लिया। पहले देवेंद्र ने 16 हजार 500 रुपये कंपनी के खाते में भेज दिए। ठग ने धीरे-धीरे लॉट (ट्रेडिंग का एक शब्द) खरीदने की बात कहकर रुपये ले लिए।
फिर घाटा होने की बात कहकर डराते हुए और रुपये देने की बात कही। इस तरह से उसने चार लाख 44 हजार 500 रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत गुरुवार को शहर कोतवाली पुलिस को दी।
इंस्पेक्टर आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि जांच में यह पता चला कि खाता मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में चल रहा था। जिसमें 10 लाख रुपये थे। बैंक से संपर्क करते हुए खाते को फ्रीज करा दिया गया है। इसके साथ ही पीड़ित के खाते में उसका पैसा वापस भिजवाया। उस बैंक खाते की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।