सीतापुर। राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार योजना के तहत जिले के 16 ब्लॉक की 41 ग्राम पंचायतें पुरस्कृत होगी। इस पुरस्कार के लिए एक हजार ग्राम पंचायतों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके लिए तय नौ मानकों पर कराए गए कार्यों की प्रगति के साथ आवेदन किया था। इसके परीक्षण के आधार पर ग्राम पंचायतों को दिए गए अंक के आधार पर 16 ब्लॉक की 41 ग्राम पंचायतों को बेहतर प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
पंचायती राज मंत्रालय की ओर से सतत विकास लक्ष्य 2030 की सुगम प्राप्ति के लिए 17 निर्धारित लक्ष्यों का स्थानीकरण करते हुए नौ विषयों में समेकित किया गया है। इस पर कार्य करते हुए ही ग्राम पंचायतों को संरचनात्मक ढांचे के विकास के साथ ही साथ सामाजिक, आर्थिक और मानव विकास से संबंधित मानकों को पूरा करना है।
तय विषयों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों के चयन के लिए ही आवेदन प्राप्त किए गए थे। इसमें संबंधित विषयों में कराए गए कार्यों का विवरण दिया गया था। ब्लॉक, जिला, राज्य स्तर की समिति ने इसका परीक्षण करके बेहतर कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को अंक प्रदान किए थे। अंकों की गणना के आधार पर आवेदित एक हजार में से 41 ग्राम पंचायतों ने बेहतर कार्य के कारण अच्छे अंक प्राप्त होने पर पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि जल्द ही एक समारोह का आयोजन कर चयनित ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इन कार्यों के आधार पर हुआ चयन
योजना के तहत गरीबी मुक्त ओर बेहतर आजीविका वाली ग्राम पंचायत का चयन किया गया है। इसी तरह स्वस्थ पंचायत, बाल मैत्री पंचायत, पर्याप्त जलयुक्त वाली पंचायत, स्वच्छ और हरित पंचायत, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा युक्त पंचायत, न्याय संगत व सामाजिक रूप से सुरक्षित पंचायत, सुशासित पंचायत और महिला हितैषी कार्य करने वाली पंचायतों का चयन भी पुरस्कार के लिए किया गया है।
इन्हें मिलेगा पुरस्कार
राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार योजना के तहत मिश्रिख ब्लॉक की ग्राम पंचायत सहादतनगर और लश्करपुर का चयन किया गया है। इसी तरह पिसावां ब्लाक की बाजनगर, जिगनिया, बहुबनी, पहला की सिरौली, सरैया शंकरबक्स, बलसिंहपुर, परसेंडी की पगरोई, सिधौली की अलमापुर व नयागांव को पुरस्कार के लिए चुना गया है।
सहजनपुर, रेउसा की अकसोहा, चहलारी, पुरैनी, एलिया की भेलावां खुर्द, पडर्ाखा, रामपुर नयागांव, बेहटा की रहुआ चांदीखेड़ा, आंबा, औरीशाहपुर, बिसवां की महमदापुर, गुरेरा, गोंदलामऊ की उदयपूर पूर्वी, गांगूपुर व उत्तरधौना हरगांव की पचहेरा को भी पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसके साथ ही कसमंडा की अदना, अलोइया, लहरपुर की शरीफ पुर तलहा, प्रहलादपुर, टांडा कला, मछरेहटा की मधवापुर, मिर्जापुर उत्तरी, बेलंदापुर, महमूदाबाद की लालपुर, शिवरुखकला, बघाईन और ब्लॉक महोली की ग्राम पचांयत उरदौली, अमिलिया और अढ़ौरा का चयन भी बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए पुरस्कार के लिए हुआ है।