बिसवां ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव 8 को
सीतापुर। सूबे में सत्ता बदलते ही अखिलेश सरकार में काबिज ब्लॉकों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की कवायद शुरू हो गई। आठ अगस्त को क्षेत्र पंचायत कार्यालय बिसवां में ब्लॉक प्रमुख दीपा यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आएगा। इस दिन क्षेत्र पंचायत सदस्यों की एसडीएम के समक्ष परेड होगी। इसकी बाकायदा वीडियोग्राफी भी की जाएगी। क्षेत्र पंचायत बिसवां के बीडीसी सदस्य राकेश कुमार, राजवीर सिंह, सावान, राजेंद्र, आदि ने ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास लाने के लिए डीएम को शपथ पत्र दिया था। इस पर डीएम डॉ. सारिका मोहन ने बताया कि 8 अगस्त को 11 बजे क्षेत्र पंचायत कार्यालय बिसवां के सभागार में क्षेत्र पंचायत के निर्वाचित सदस्यों की बैठक प्रस्तावित है।