सीतापुर। जिले में गुरुवार रात आई आंधी-पानी की वजह से बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई। 300 से अधिक गांवों में 18 घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। कहीं तार टूट गए तो कहीं लाइन पर पेड़ की डाल गिरने से आपूर्ति बाधित रही। पॉवर कॉर्पोरेशन की टीम ने शहर में करीब तीन घंटे बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को भी मरम्मत का काम चला।
गुरुवार रात करीब एक बजे अचानक तेज हवा चलने लगी। कुछ ही देर बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। इससे शहर के भवानीपुर फीडर, पुराना सीतापुर फीडर सहित अन्य फीडरों से जुड़े इलाकों में बिजली गुल रही। कई जगहों पर तार टूटने से समस्या बढ़ी। करीब तीन घंटे बाद टीम ने शहर में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।
रामपुर मथुरा इलाके के बांसुरा उपकेंद्र से जुड़े बहादुरगंज, रायसेनपुर, बरुई बरुवा, कुशवाहा नगर, मौर्यनगर, गोंडा देवरिया सहित करीब सौ गांवों में बीती रात से ही विद्युत आपूर्ति बाधित है। सुबह समय कई बार ट्रिप हुई, लेकिन अभी तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है।
एसएसओ प्रदीप कुमार ने बताया कि ज्यादातर गांवों की आपूर्ति बहाल हो गई है। कुछ गांवों में मरम्मत कार्य चल रहा है। शाम तक सभी जगह आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
मिश्रिख के मोहल्ला सीताकुंड में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के पास लगा ट्रांसफार्मर लीकेज होने के कारण आपूर्ति ठप है। महमूदाबाद कस्बे में चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। गांवों में कई जगहों पर बहाल हो गई है तो कई जगहों पर मरम्मत का काम चल रहा है। इसके अलावा ग्राम भानपुर, कुरौली, लोना, गलसिहपुर, रमईयाडीह, लोधोरी आदि गांवों में कटौती के बाद लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। विद्युत उपकेंद्र बंभनावा से जुड़े करीब 50 गांवों में 18 घंटे के बाद भी बिजली नहीं आई है। विद्युत उपकेंद्र सांडा से जुड़े करीब एक सैकड़ा गांवों में शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। विद्युत उपकेंद्र हरगांव से जुड़े सलारपुर, हैदरपुर, मुद्रासन, उदनापुर, गुरूधपा सहित करीब 80 गांवों में बिजली गुल है। इसके चलते ग्रामीणों को काफी दिक्कतें आ रही है।
गांवों में ठप हुई मोबाइल सेवा
गांवों में बिजली आपूर्ति न होने से मोबाइल सेवा ठप हो गई है। इससे लोगों का संपर्क टूट गया है। वहीं गर्मी में लोग शुक्रवार को दिनभर परेशान रहे। वहीं उद्योग धंधे पर बंद रहे। इससे परेशान होकर किसी ने ऑनलाइन तो किसी ने फोन करके अफसरों को शिकायत दर्ज कराई।
चल रही है मरम्मत
आंधी में तार टूटने की अधिकतर जगहों पर दिक्कत आई है। आपूर्ति बहाल करने के लिए मरम्मत का काम चल रहा है।
नंदलाल, अधीक्षण अभियंता