परीक्षा केंद्र पहुंचने में लगेगा एक घंटा
बाबा बालकराम इंटर कॉलेज गोंडा देवरिया के हाईस्कूल के 42 छात्र व 35 छात्राओं, इंटर की 36 छात्राओं का परीक्षा केंद्र करीब 30 किमी. दूर सेमरी चौराहा स्थित संजू प्रजापति इंटर कॉलेज में बनाया गया है। इसी विद्यालय के इंटर के 29 छात्रों का परीक्षा केंद्र भी 29 किमी. दूर बेनीराम इंटर कॉलेज पैंतेपुर बनाया गया है। अपना साधन है तो परीक्षा केंद्र पहुंचने में ही करीब एक घंटे का समय लग जाएगा। वहीं सवारी लेकर जाने में परीक्षा छूटने का डर बना रहेगा।
केस 2
दूरी देखकर परेशान हो रहे विद्यार्थी
एमएसडी इंटर कॉलेज, बाबा कुटी के हाईस्कूल के 141 छात्रों व जगन्नाथ प्रसाद माध्यमिक विद्यालय के 31 छात्रों का परीक्षा केंद्र 14 किमी. दूर बेनीराम इंटर कॉलेज पैंतेपुर बनाया गया है। इस लंबी दूरी को तय करने में विद्यार्थियों को काफी मुसीबतें आएंगी। छात्र दूरी देखकर परेशान हो रहे हैं।
केस 3
मानकों का नहीं रखा ध्यान
पंडित संतोषीलाल इंटर कॉलेज चांदपुर बाजार में 15 किमी. दूर सीता इंटर कॉलेज महमूदाबाद के छात्रों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस केंद्र पर 372 हाईस्कूूल व 380 इंटर के छात्र परीक्षा देंगे। वहीं गोंडा देवरिया से रामपुर मथुरा तक आने-जाने के लिए कोई साधन भी नहीं है। परीक्षा केंद्र बनाने में विद्यालयों के बीच दूरी का भी कोई मानक का ध्यान नहीं रखा गया है।
सीतापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र के निर्धारण में खूब लापरवाही बरती गई है। मानकों के विपरीत परीक्षा केंद्र बना दिए गए हैं। 30 से 32 किमी. दूर परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इतनी लंबी दूरी तय करने में विद्यार्थियों को मुसीबतें आएंगी लेकिन अफसरों ने इसका ख्याल नहीं रखा। हालांकि इस पर कॉलेजों ने आपत्तियां देनी शुरू कर दी हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में इस बार 158 केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें 33 राजकीय इंटर कॉलेज, 43 अशासकीय सहायता प्राप्त व 82 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय हैं। मानक के अनुसार छात्रों का परीक्षा केंद्र सात किलोमीटर व अधिकतम 12 किलोमीटर दूर तक बनाया जा सकता है। इसी प्रकार छात्राओं के लिए पांच किलोमीटर व अधिकतम सात किलोमीटर दूर तक बनाया जा सकता है। लेकिन इस बार केंद्र के निर्धारण में मानकों का ध्यान नहीं रखा गया है। कई परीक्षा केेंद्र 30 से 32 किलोमीटर तक बना दिए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को सुबह-सुबह वहां तक पहुंचने में काफी दिक्कतें आएंगी।
कई मार्गों की खराब है हालत
रामपुर मथुरा, महमूदाबाद व पिसावां इलाके के कई परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना बेहद मुश्किल है। इन रास्तों पर पैदल चलना ही मुश्किल है। सबसे बड़ी समस्या यातायात की है। सवारी वाहन न चलने से विद्यार्थियों को वहां तक पहुंचने में दुश्वारियों का सामना करना पड़ेगा।
28 नवंबर तक दर्ज कराएं आपत्ति
इन केंद्रों के खिलाफ किसी को भी कोई दिक्कत है तो वह 28 नवंबर तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते है।ं दूरी को कम करके मानक के अनुसार केंद्र बनाए जाएंगे।
राजेंद्र सिंह, डीआईओएस