सीतापुर। जिले के 2561 परिवारों का सपना पूरा होने जा रहा है। 15 सितंबर को एक क्लिक से प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों को निर्माण शुरू करने के लिए पहली किस्त भेजी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इसकी सौगात सौंपेंगे। वर्तमान वित्तीय साल का लक्ष्य तय कर दिया गया है।
वित्तीय साल 2024-25 में गांवों में निवास कर रहे जरूरतमंद परिवारों को आवास सुविधा देने के लिए ग्राम पंचायतवार लक्ष्य निर्धारित कर दिया गया है। जिले की 1,588 ग्राम पंचायतों में 2,561 परिवारों को आवास बनाने के लिए धनराशि तीन किस्तों में दी जाएगी।
पहली किस्त 15 सितंबर को पीएम की ओर से वन क्लिक पर सभी लाभार्थियों को भेजी जाएगी। पीएम इनमें से कुछ लाभार्थियों से वार्ता भी कर सकते हैं। इसके लिए कार्यवाही शुरू की गई। आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष संबंधित लाभार्थियों को आवास स्वीकृति और एफटीओ जनरेट किए जाने की कार्रवाई तय समय में की जाएगी। इसके लिए सीडीओ निधि बंसल ने जिम्मेदारों को तय समय में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
रेउसा के सर्वाधिक 673 लाभार्थी
गांजरी क्षेत्र के ब्लॉक रेउसा में सर्वाधिक 673 परिवारों को अपनी पक्की छत मिलेगी। वर्तमान वित्तीय वर्ष में 2561 परिवारों का पक्की छत मुहैया हो जाएगी। ब्लॉकवार लक्ष्य तय किया गया है। सर्वाधिक 673 आवास रेउसा ब्लॉक में बनाए जाएंगे। एलिया में 107, बेहटा में 150, बिसवां में 203, गोंदलामऊ में 82, हरगांव में 201, कसमंडा में नौ, खैराबाद में 68, लहरपुर में 483, मछरेहटा में 27, महमूदाबाद में 101, महोली में 12, मिश्रिख में 32, पहला में आठ, परसेंडी में 71, पिसावां में 109, रामपुर मथुरा में 73, सकरन में 54 और सिधौली ब्लॉक में 89 आवास बनेंगे।