सीतापुर (तंबौर)। थाना क्षेत्र में बाइक खरीदने के नाम पर ठग ने एक युवक से ढाई लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव इस्माइलगंज निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि लखनऊ के आलमबाग निवासी राजेश शुक्ला से उसने बाइक खरीदने का सौदा किया था।
आरोपी ने बताया था कि वह थल सेना में नौकरी करता है। सात मार्च को आरोपी ने बाइक की आरसी भी व्हाट्सएप के जरिए भेजी थी। दोनों के बीच बात तय होने पर आरोपी ने पैसे ट्रांसफर कर बाइक आर्मी ट्रांसपोर्ट पार्सल से भेजने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित से किस्तों में दो लाख 47 हजार रुपये ठग लिए। अब उसका फोन बंद है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। एसओ सुरेश पटेल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।