कमलापुर व मानपारा केंद्र पर दलालों का बोलबाला
हिंदू युवा वाहिनी ने एसडीएम को ज्ञापन देकर जांच की उठाई आवाज
सिधौली(सीतापुर)। कमलापुर व मानपारा गेहूं क्रय केंद्र पर दलाल हावी हैं। हिंदू युवा वाहिनी की ओर से एसडीएम शेरी को ज्ञापन देकर जांच व उचित कार्रवाई की मांग की गई है। ताकि किसानों को सरकारी गेहूं खरीद व्यवस्था का लाभ मिल सके। हिंदू युवा वाहिनी के मंडल अध्यक्ष अनुज बाजपेई की अगुवाई में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि कमलापुर व मानपारा गेहूं क्रय केंद्र पर दलालों के जरिए खरीद हो रही है। इस क्षेत्र में गेहूं खरीद व्यवस्था पर काबिज दलालों का खेल उजागर करने के लिए जांच बेहद जरूरी है। जिन किसानों का गेहूं खरीदा जाना दिखाया जा रहा है, उनकी कुल कृषि भूमि व खसरा का मिलान किए जाने पर घपला उजागर हो सकता है। किसान हित में इस मामले का संज्ञान लेकर जांच व कार्रवाई की मांग ज्ञापन में की गई है। इस मौके पर संजय पांडेय, हर्षित, सुधीर, मनीष, नंद किशोर, राम सेवक, ललित, राजू, प्रताप आदि मौजूद थे।