सीतापुर। जिले में अवैध खनन और उसके परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विभाग ने बृहस्पतिवार रात जिले भर में चेकिंग अभियान चलाया। अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। जिला खनन अधिकारी चंद्रप्रकाश जायसवाल ने बताया कि अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापामारते हुए 17 वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई। नैमिषारण्य क्षेत्र में मिट्टी खोद रही एक जेसीबी, एक लोडर और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज किए गए। मछरेहटा क्षेत्र में एक जेसीबी और आठ ट्रैक्टरों पर कार्रवाई हुई। इसके अलावा इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में एक रैपर और दो ट्रॉलियों को सीज किया गया। खैराबाद में मौरंग लादकर जा रहे एक ट्रक को भी पकड़कर जब्त किया गया। जिला खनन अधिकारी ने बताया कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)