सिधौली (सीतापुर)। बारात में शामिल होने जा रहे तीन बाइक सवार युवक एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। घायलों का ट्रामा सेंटर लखनऊ में इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था।
संदना क्षेत्र के कुर्सी मार्ग पर एक बाइक पर संदना निवासी मोनू (21), लखनऊ के इटौंजा क्षेत्र के हरदा निवासी विशाल (18) व लखनऊ के मड़ियाव इलाके के डुठौली निवासी राहुल (20) हरदोई के ठेऊआ से परागपुर थाना कमलापुर के लिए जा रहे थे।
जब ये लोग रास्ते में संदना इलाके में मंगलम चौराहा कुर्सी मार्ग पर नंदनवन गांव के समीप पहुंचे, तभी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में मोनू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को सिधौली सीएचसी में भर्ती कराया।
जिसके बाद दोनों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।