पावर कॉर्पोरेशन के चीफ इंजीनियर ने पकड़ी अनियमितता
कार्रवाई के निर्देश, विधायक के संग किया औचक निरीक्षण
थानगांव (सीतापुर)। पंडित दीन उपाध्याय ज्योति विद्युतीकरण योजना में हुए काम में अनियमितताएं पाईं गईं हैं। ये खुलासा पावर कार्पोरेशन के चीफ इंजीनियर ने औचक निरीक्षण के दौरान खुद किया है। सेवता विधायक ज्ञान तिवारी की शिकायत पर शासन ने यह जांच कराई। इस पर उन्होंने कार्यदाई संस्था पर कार्रवाई के आदेश दिए हैं। सेवता क्षेत्र में पंडित दीन दयाल उपाध्याय ज्योति योजना के तहत ग्रामीण इलाकों में विद्युतीकरण किया जा रहा है। इस काम में अनियमितताएं बरती जा रही है। इस पर सेवता विधायक ज्ञान तिवारी ने शासन में शिकायत की थी। इस पर शासन ने पावर कॉर्पोरेशन के चीफ इंजीनियर एके श्रीवास्तव की अगुवाई में टीम को जांच के लिए भेजा। मंगलवार को सेवता विधायक ज्ञान तिवारी व पॉवर कार्पोरेशन के चीफ इंजीनियर श्रीवास्तव नौअनबाग गांव में पहुंचे। यहां लगे बिजली के खंभे की गहराई मापी तो पता चला कि खंभे निश्चित गहराई में न लगाकर ऊपर ही लगा दिए गए हैं। ऐसी ही अनियमितताएं छावन गांव में भी मिली। चीफ इंजीनियर ने बताया कि विद्युतीकरण का काम बेहद घटिया किस्म का है। तेज हवा आते ही ऐसे खंभे धराशाई हो जाएंगे। चीफ इंजीनियर ने अनियमितता पकड़ने के बाद अधीनस्थ अधिकारियों को कार्यदायी संस्था तोमर कांट्रेक्टर पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस मौके पर विधायक ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधानसभा क्षेत्र में होने वाले सारे विकास कार्य मानक के अनुरूप ही होंगे। हर विकास कार्य पर कड़ी नजर रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर उसकी जांच भी कराई जाएगी। इस मौके पर पॉवर कार्पोरेशन के अधीक्षण अभियंता जीबी सिंह आदि मौजूद थे।