सीतापुर। स्कूल खुलने से पहले परिवहन विभाग अनफिट स्कूली वाहनों को लेकर सतर्क हो गया है। उसने स्कूलों को नोटिस जारी करते हुए जल्द ही वाहनों की फिटनेस कराने की बात कही है। ताकि कोई भी वाहन अनफिट न रह जाए।
जिले में 618 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। जिसमें से 136 वाहन अनफिट हैं। जिनका फिटनेस कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। एआरटीओ माला बाजपेई ने बताया कि स्कूली वाहन में जीपीआरएस सिस्टम, फर्स्ट ऐड बाॅक्स, वाहन पर विद्यालय का नाम, वाहन पर रिफ्लेक्टर टेप, विद्यालय प्रबंधक के मोबाइल नंबर के साथ अन्य व्यवस्थाएं दुरूस्त होनी चाहिए, तभी वाहन फिट मना जाता है। उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है इसमें किसी भी की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
चालकों का होगा सत्यापन
एआरटीओ ने बताया कि विद्यालय वाहनों को चलाने वाले सभी चालकों के डीएल व चरित्र प्रमाण पत्र का सत्यापन कराने के निर्देश भी सभी विद्यालय के प्रबंधक व प्रधानाचार्यों को जारी किए गए हैं।
30 जून को होगी बैठक
जिला सड़क सुरक्षा समिति के सचिव, अधिशासी अभियन्ता, पीडब्लूडी की तरफ से 30 जून को 12ः30 बजे कलेक्ट्रेट में बैठक होगी। जिसमें जिले की यातायात व्यवस्था के साथ स्कूल ट्रैफिक सिस्टम को बेहतर बनाने को लेकर डीएम दिशा निर्देश देंगे।