सीतापुर/ मिश्रिख। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को आग की चपेट में आकर एक युवती बुरी तरह से झुलस गई। नाजुक हालत देख सीएचसी चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां पर उसका उपचार चल रहा है। यह हादसा गैस सिलेंडर के रिसीव होने से हुआ। मिश्रिख कोतवाली इलाके के गोपौली निवासी जलील मजदूरी करने लखनऊ गया है। घर पर उसकी पुत्री महजबी (18) मौजूद है। सोमवार को महजबी खाना बनाने की तैयारी कर रही थी। बताते हैं कि गैस सिलेंडर से रिसाव हो रहा था। जैसे ही महजबी ने माचिस की तीली जलाई। वहां आग भड़क उठी। इससे महजबी आग की चपेट में आ गई। चीख सुनकर मौके पर परिवारीजन व ग्रामीण पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। तब तक युवती बुरी तरह से झुलस चुकी थी। आननफानन परिवारीजन उसे सीएचसी ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में आग से झुलसी युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।