बांसी नौगढ़ मार्ग पर सूपाबक्सी मोड़ के पास जलती बाइक। संवाद
सिद्धार्थनगर। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के बांसी-बस्ती मार्ग पर स्थित फजिहतवा पुल के पास ट्रक ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। युवक बाइक से गिर गया और उसकी मौत हो गई। ट्रक के साथ बाइक घिसटती 150 मीटर दूर तक गई और धू धू कर जल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जोगिया कोतवाली क्षेत्र के सूपा बक्सी गांव निवासी संजय (28) मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते थे। बुधवार को वह बाइक से घर से निकले थे। रात में घर लौटते समय बांसी-बस्ती मार्ग पर स्थित फजिहतवा नाले के पास ट्रक ने पीछे से बाइक को चपेट में ले लिया। वह ट्रक के साथ कुछ दूर तक घिसटते रहे। ट्रक में फंसकर बाइक 150 मीटर घिसटती रही और धू धू करके जल गई। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को फोन किया और जोगिया पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। घायल संजय को लेकर लोग जिला अस्पताल पहुंचे। वहां देखते ही डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में एसओ जोगिया यशवंत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार की ओर से अब तक कोई तहरीर नहीं दी है। मिलने पर मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
-
संजय की मौत से बिखर गया परिवार
ग्रामीणों के मुताबिक, संजय घर में इकलौता कमाने वाले थे। वह खेती के साथ मेहनत मजदूरी करते थे। गांव में लोगों से उनके अच्छे संबंध थे। उनके तीन बच्चे हैं। इनमें सबसे बड़ी छह वर्ष की बेटी है। दूसरे नंबर पर चार वर्ष का बेटा और दो माह पहले एक पुत्र हुआ है। संजय की मौत की खबर मिलने के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मौत की जानकारी के बाद गांव के अधिकतर लोग रात में ही जिला अस्पताल पहुंच गए। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम हाउस पर भी ग्रामीणों की भीड़ थी। लोगों का कहना है कि संजय मिलनसार थे। हर किसी का सहयोग कर देते थे। उनकी मौत से परिवार बिखर गया है। वहीं, मौत के बाद गांव में उसके घर पर लोगों का आना-जाना लगा रहा। बच्चों का रोता हुआ देखकर लोग खुद को नहीं रोक पा रहे थे। आने वाले हर व्यक्ति की आंखें नम हो जा रहीं थीं।