डुमरियागंज थाना क्षेत्र के परसा चौराहे पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
भारतभारी। डुमरियागंज थाना क्षेत्र स्थित परसा चौराहा पर बृहस्पतिवार की सुबह मार्निंग वाॅक के लिए निकले युवक की वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। सुबह के चलते घटना स्थल पर कोई मौजूद नहीं था, इसलिए वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर आई पुलिस ने मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के ग्राम सेखुइया निवासी रंजीत गौतम (43) हर रोज की तरह अपने घर से भोर में मार्निंग वॉक के लिए निकले थे। उसी दौरान परसा चौराहे के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। भिड़त इतनी तेज थी कि मौके पर ही रंजीत की मौत हो गई। रंजीत के दो बेटा और एक बेटी है और वह खेती-किसानी करके अपने बच्चों का पालन पोषण करते थे। इस संबंध में एसओ मुकेश कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर, उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।