पथरा थाना क्षेत्र के तकियवा गांव के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
पथरा। थाना क्षेत्र के तकियवा गांव के पास बुधवार को खेत देखने गया युवक राप्ती नदी के बांध से फिसलकर अंदर चला गया। इस घटना में उसकी डूबकर मौत हो गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से इन्कार कर दिया। लिखापढ़ी करके पुलिस ने शव को सुपुर्द कर दिया है।
क्षेत्र के तकियवा गांव निवासी हसमतुल्लाह (18) पुत्र रहमतुल्लाह दोपहर में गांव के पास से गुजरने वाली राप्ती नदी के पास खेत देखने के लिए गया था। परिवार के लोग खेत में काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बांध के पास गया था, पैर फिसल जाने से वह नदी में चला गया और डूबने लगा। यह देखकर आसपास खेत में काम कर रहे लोग दौड़कर नदी में कूद पड़े। काफी तलाश के बाद उसे बाहर निकाला। तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा लेकर गए। जहां देखते ही डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, सूचना पाकर पथरा थानाध्यक्ष भाग्यवती पांडेय मौके पर पहुंची। मृतक के घर वालों ने लाश की पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर लाश घर वालों को सौंप दिया।