मिलेंगे पांच ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, दो वेंटिलेटर बेड
सांसद की पहल पर एक निजी संस्थान ने उपलब्ध कराया
ऑक्सीजन प्लांट के लिए 41.89 लाख की स्वीकृति
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कोरोना संक्रमण काल में संसाधनों की घोर कमी के बीच जिले को एक राहत भरी उपलब्धि मिली है। सांसद की पहल पर एक निजी कंपनी (हिंदुजा ग्रुप) ने जिला अस्पताल को पांच ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और नई तकनीक से निर्मित दो मोबाइल वेंटीलेटर बेड उपलब्ध कराया है। ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की समस्याओं को देखते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने जिला अस्पताल के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और वेंटीलेटर बेड की मांग एक निजी कंपनी से की थी। जिससे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारा जा सके। सांसद ने बताया कि एक निजी कंपनी ने पांच ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और दो मोबाइल वेंटिलेटर बेड उपलब्ध करा दिया है। सांसद ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व जिला अस्पताल पर एक ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए भारत सरकार के नेशनल हाइड्रो पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचपीसी लिमिटेड) को पत्र लिखा था। जिसके परिणाम स्वरूप ऑक्सीजन प्लांट के लिए 41.89 लाख रुपये की स्वीकृति हो चुकी है। अब जल्द ही जनपद ऑक्सीजन के मामले में आत्मनिर्भर बन जाएगा। भविष्य में किसी भी मरीज को ऑक्सीजन की कमी नहीं होने पाएगी।