मस्जिदों में बारिश के लिए मांगी दुआ
- जुमे की नमाज के दिन देश में शांति और बारिश के लिए की दुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। क्षेत्र में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने मुल्क में अमन और क्षेत्र में बारिश के लिए दुआ मांगी।
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में पिछले एक महीने से बारिश नहीं हो रही है। इससे क्षेत्र के किसान चिंतित हैं। खेत में धान की फसल सूख रही है। बारिश के लिए हर कोई दुआ कर रहा है। इसी क्रम में तहसील क्षेत्र के हल्लौर स्थित शिया जामा मस्जिद में मौलाना मोहम्मद हसन ने लोगों के साथ बारिश की दुआ मांगी।
डुमरियागंज स्थित सुन्नी जामा मस्जिद, रोडवेज के निकट स्थित अकबरी मस्जिद, पुरानी बाजार स्थित जामा मस्जिद तथा बेंवा चौराहा, बयारा, बैदौलागढ़ स्थित मदरसा दारुल उलूम गरीब नवाज मस्जिद आदि स्थानों पर बारिश के लिए लोगों ने दुआ मांगी।
बारिश के लिए रुद्राभिषेक कल
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को जहां नमाज के बाद हजारों लोगों ने बारिश के लिए दुआ मांगी। वहीं, शनिवार की सुबह नौ बजे से डुमरियागंज स्थित रामलीला मैदान स्थित मंदिर परिसर में रुद्राभिषेक किया जाएगा। यह जानकारी पंडित राकेश शास्त्री ने दी।