- त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के महुआ खुर्द गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के महुआ खुर्द गांव में शनिवार को संदिग्ध हाल में एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहले पति से हुए पुत्र ने हत्या की आशंका जताई है।
क्षेत्र के महुआ खुर्द गांव निवासी लखन ने शीला (55) से शादी की थी। शीला की यह दूसरी शादी थी। वह शराब पीने की आदी थी। लखन के मुताबिक शुक्रवार को शराब पीकर इधर-उधर घूम कर लोगों को बोल रही थी। देर शाम फिर शराब पीकर घर से निकली, जो घर से पूरब हिजुरा गांव सरहद पर पड़ी थी।
लोगों की सूचना पर रात करीब नौ बजे नशे की हालत में उठाकर घर लाया और बिस्तर पर लेटा दिया। शनिवार सुबह करीब साढ़े तीन व चार बजे के बीच शीला की मौत हो गई। पत्नी की मौत की सूचना रिश्तेदारों को दी।
मौके पर पहुंचे पहले पति के लड़के विक्रम ने हत्या की आशंका जताई है। उसने डायल-112 पर पुलिस सूचना दी। पीआरबी 1521 व 1522 ने घटना की जानकारी त्रिलोकपुर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर सूर्य प्रकाश सिंह ने कहा कि महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने पर टीम के साथ मौके पर गया। लखन की तहरीर पर लाश को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।