शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के नदांव में हुई घटना, आर्थिक तंगी की वजह से दी जान
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के नदाव गांव मंगलवार को कमरे में छत के कुंडे से साड़ी से बने फंदे के सहारे एक विवाहिता का लटकता शव मिला। वह काफी दिनों से बीमारी चल रही थी। लोग आर्थिक तंगी में आत्महत्या की बात बता रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र के नदाव गांव निवासी गुड़िया (35) पत्नी अवधेश रात में कमरे में सोई हुई थी। सुबह चार बजे परिवार के लोगों ने देखा कि वह कमरे में छत के कुंडे से साड़ी से बने फंदे के सहारे लटक रही हैं। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी गुड़िया के मायके वालों को दी। मृतका के पिता अयोध्या ने इसकी सूचना थाने पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया। इसके बाद पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष शिव नगर डिड़ई राजेश शुक्ल ने बताया कि मृतका के पिता ने ही थाने पर सूचना दी थी। उसके बाद पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया था। शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।