गोल्हौरा थाना क्षेत्र के तेलियाडीह गांव का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी/गोल्हौरा। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के तेलियाडीह गांव में बुधवार की देर रात एक महिला ने पड़ोस के घर में घुसकर लगभग तीन लाख रुपये के जेवरात उड़ा लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेवरात बरामद कर लिया है।
क्षेत्र के तेलियाडीह गांव निवासी मोहम्मद अली परिवार के कई सदस्यों के साथ गांव में किसी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर में सिर्फ दो लड़कियां ही मौजूद थीं। बताते हैं कि मौके का फायदा उठाकर गांव निवासी व पड़ोसन यूसुफ की विवाहिता पुत्री मजिदुलनिशा पत्नी अख्तर रात्रि लगभग 10 बजे मोहम्मद अली के घर में घुस गई और सोने का झुमका, हार, टीका, कान की बाली व कील, चांदी की पायल आदि जेवरात उठा ले गई। इसकी कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई गई है।
घर वालों को जानकारी होते ही पुलिस को सूचना दी गई। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने उक्त मजिदुलनिशा को हिरासत में लेकर माल बरामद कर लिया। मोहम्मद अली की तहरीर पर केस दर्जकर बृहस्पतिवार को आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उसकी ससुराल इटवा थानाक्षेत्र के गोरया में है। इस संबंध मेें थानाध्यक्ष गोल्हौरा अजय नाथ कन्नौजिया ने कहा कि सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर उक्त कार्रवाई की गई है।