उसका बाजार। उसका थाना क्षेत्र के रेलवे पुल के पास शुक्रवार की सुबह दिल्ली से गोरखपुर जा रही हमसफर ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चिल्हिया थाना क्षेत्र के केसारी गांव निवासी राजू यादव की पत्नी रमावती यादव (45) पत्नी राजू यादव की गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर स्थित उसका राजा के पास सुबह हमसफर ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम पहुंची और पहचान करवाया। मृतका के पति राजू यादव ने बताया कि रमावती बृहस्पतिवार की रात किसी को बिना कुछ बताए घर से निकल गई थी, वर्तमान में उसकी मानसिक हालत ठीक नहीं चल रही थी। वह लोग अपने स्तर से खोजबीन कर रहे थे, सोशल मीडिया पर भी रमावती की फोटो डालकर घर से लापता होने की सूचना दी थी।
बताया कि उनका मायका उसका थाना क्षेत्र के ताल बगहिया में है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बहुत देर से रमावती रेलवे पुल पर बदहवास घूम रही है, लोगों ने उसे समझा बुझाकर घर जाने के लिए कहा, लेकिन वह घर न जाकर पुल से तीन सौ मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गईं और ट्रेन की चपेट में आ गई। इस संबंध में एसओ रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है, पंचनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।