सदर थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर 13 वजीराबाद गांव में शनिवार को एक महिला की संदिग्ध हालात में जलकर मौत हो गई। मृतका की मां ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेटी को जलाकर मार देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जाेगिया कोतवाल क्षेत्र के सेमरा गांव निवासी इसरावती के मुताबिक उसकी बेटी प्रमिला (30) की शादी लगभग 10 साल पहले सदर थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर 13 वजीराबाद निवासी सुनील गुप्ता के साथ हुई थी। शादी अपनी शक्ति के अनुसार दान दहेज देकर शादी किया था।
लेकिन शादी के बाद लड़का पैदा न होने और दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। कई साल से उसे मायके भी नहीं जाने दिया। लगातार प्रताड़ना से परेशान थी। शनिवार को जानकारी दी गई कि शार्ट- सर्किट से आग लग गई और उसी में जलकर प्रमिला की मौत हो गई। लेकिन उसे जलाकर मारा गया है।
दहेज के लिए बेटी की हत्या कर दी गई है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाए। उधर, मामले की जानकारी मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में सीओ सदर मयंक द्विवेदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही टीम के साथ मौके पर पहुंच गए थे। लाश का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।