शोहरतगढ़ क्षेत्र के तालकुंडा के दर्जनों किसानों की सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल सरयू नहर के पानी मे?
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
सरयू नहर परियोजना के तहत बनी नहर में बिना मरम्मत पानी छोड़ने से सोमवार को शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के तालकुंडा के कई किसानों की गेहूं की फसल डूब गई। पीड़ित किसानों के मुताबिक कोई भी जिम्मेदार फसल की क्षति का जायजा लेने नहीं पहुंचा। किसानों ने नहर विभाग के लोगों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए फसल के मुआवजे की मांग की है।
शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र की तालकुंडा ग्राम पंचायत के जलापुरवा व सधुवानगर के बीच बनी सरयू परियोजना के तहत नहर में सोमवार की सुबह कर्मचारियों ने पानी छोड़ा था। लेकिन जलापुरवा के पूर्वी उत्तरी छोर पर नहर पानी से कट गई। इससे दोनों टोलों के कई किसानों की सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल डूब गई।
किसानों रामानंद चौहान, राम नारायन, आनंद आदि ने आरोप लगाया कि सरयू नहर परियोजना के तहत बनी नहर में बिना मरम्मत पानी छोड़ने से गेहूं की फसल पानी में डूब गई है। नहर परियोजना के एसडीओ विभूति नारायण सिंह ने बताया कि पता करवाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।