मरम्मत की नहीं, खोदकर छोड़ दी एनएच-730 से औदही कला गांव को जोड़ने वाली सड़क
तुलसियापुर। बढ़नी ब्लॉक के एनएच-730 से औदही कला जाने वाली सड़क खोदकर छोड़ दी गई है। सड़क पर पड़ीं गिट्टियों के कारण आने-जाने में लोगों को परेशानी हो रही है। इससे लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने डीएम से शीघ्र सड़क निर्माण करवाने की मांग की है।
एनएच-730 से कटकर औदही कला जाने वाली सड़क का निर्माण जिला पंचायत की ओर से कराया जा रहा है। लगभग डेढ़ माह पहले जिला पंचायत के ठेकेदार ने मरम्मत के लिए सड़क को खोदकर छोड़ दिया। इससे ग्रामीणों के साथ ही तुलसियापुर चौराहे के आसपास के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। यह मार्ग औदही कला से औदही खुर्द, खरिकौरा, बेनीनगर, बसंतपुर आदि भारतीय गांवों के अलावा नेपाल के ग्रामीण इलाकों को जोड़ता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, 2014 में एनएच से औदही कला गांव के बाहर तक सड़क का निर्माण जिला पंचायत ने कराया था। तब से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों की शिकायत पर जिला पंचायत की ओर से सड़क का निर्माण शुरू किया गया। लेकिन, ठेकेदार ने सड़क को खोदकर छोड़ दिया। गांव के रामकुमार शर्मा, अजय वरुण, प्रदीप कुमार, मयंक शुक्ल, रिजवान, महबूब, सौरभ शुक्ल, डॉ. अफजल हुसैन, गोपाल गुप्ता, रामकिशोर, सदरे आलम आदि ने जिलाधिकारी से शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है। जिला पंचायत के जेई दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि बीते दिनों हुई बारिश से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। शीघ्र ही सड़क का निर्माण शुरू किया जाएगा।