इटवा। स्थानीय थाना क्षेत्र के सगरा गांव निवासी एक युवक ने बुधवार को इटवा थाने के सामने किसी बात को लेकर पत्नी के चेहरे पर कई बार चाकू से वार करके लहूलुहान कर दिया। बीच-बचाव करके लोगों ने महिला को इटवा सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इटवा पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास के मामले में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
क्षेत्र के सगरा निवासी मनीषा पुत्री बिल्लू पांच बहनों में दूसरे स्थान पर है। उसकी बड़ी बहन की शादी सोहना थाने के नगर पंचायत भानपुर के भानपुर कस्बे में हुई थी। इसी दौरान उसका भी आना-जाना था। इसी दौरान बड़ी बहन के देवर संदीप गौड़ से उसे प्रेम हो गया। परिवार के सदस्यों ने दोनों की रजामंदी पर उनकी शादी कोर्ट के जरिये कर दी। कुछ दिन ससुराल में रहने के बाद वह वापस अपने मायके आ गई। विगत कुछ माह से वह अपने मायके में रह रही थी। संदीप गौड़ के बार-बार कहने पर वह ससुराल जाने को तैयार नहीं हो रही थी। बुधवार को संदीप अपनी पत्नी मनीषा को ले जाने के लिए सगरा आया था। मनीषा को वहां न पाकर वह उसे ढूंढते इटवा कस्बे में आ गया। अभी वह इटवा थाने के सामने पहुंचा ही था कि मनीषा उसे मिल गई। बताया जा रहा है कि संदीप के कहने पर मनीषा तत्काल चलने को तैयार नहीं हुई। इसी से नाराज होकर पहले से रखे चाकू से उसने उसके चेहरे पर कई वार किए। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गई।
महिला को जमीन पर गिरा हुआ देखकर लोग मौके पर पहुंचे। घायलावस्था में उसे लेकर इटवा सीएचसी पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में एसओ इटवा संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि हमले के मामले में हत्या के प्रयास में केस दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।