: सिद्धार्थनगर महोत्सव कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलन के दौरान शुरू हुआ बवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर महोत्सव में कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान अपने मीडिया प्रभारी को हटाने की बात पर सांसद जगदंबिका पाल नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनता के पैसे से हो रहा है। बहकना ठीक नहीं है, ऐसे किसी को हटाने को कैसे कह सकते हैं। हालांकि सांसद जगदंबिका पाल एवं डीएम पवन अग्रवाल ने इस तरह की किसी घटना से इन्कार किया है।
सिद्धार्थनगर महोत्सव के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ करना था। इससे पहले ही कुछ कार्यक्रम हो रहे थे, जिस पर कृषि मंत्री ने कहा कि पहले दीप प्रज्ज्वलन करा लें, उसके बाद अन्य कार्यक्रम किए जाएं। सांसद के मीडिया प्रभारी मनोज चौबे ने मंच संचालक को इसकी जानकारी दी। इस पर दीप प्रज्ज्वलन के बाद किसी ने सांसद जगदंबिका पाल को बताया कि उनके मीडिया प्रभारी को हटाने के लिए कहा गया है, जिस पर वह नाराज होकर खड़े हो गए।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनता के पैसे से हो रहा है। उनकी नाराजगी के दौरान सीडीओ जयेंद्र कुमार और एसडीएम नौगढ़ डॉ. ललित कुमार मिश्र उन्हें मनाते नजर आए। इससे कुछ देर तक कार्यक्रम में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।