सिद्धार्थनगर। साल 2023 के अंतिम दिन रविवार को लोगों ने खुशी और उत्साह से नए साल का स्वागत किया। शहर से गांव तक लोगों ने रंगोली बनाया और केक काटकर खुशियां मनाई। सामूहिक रूप से मनाए गए कार्यक्रमों में गीत नृत्य के बीच आनंद की अनुभूति की। जैसे ही घड़ी की सुई रात 12 बजे के निशान पर पहुंची तो काक काटे गए और आतिशबाजी शुरू हो गई। लोगों ने अपने पास मौजूद लोगों को हैप्पी न्यू ईयर बोला, जबकि दूर दराज के लोग वीडियो कॉल पर आमने-सामने हुए और नए साल की शुरूआत में खुशियों का इजहार किया
शहर के लोगों ने कई स्थानों पर रविवार रात सामूहिक आयोजन किया। शहर के बसडिलिया में दवा प्रतिनिधियों की ओर से न्यू ईयर के मौके पर मंच सजाकर डीजे की धुन पर डांस किया गया। मो. जुनैद ने मधुर धुन में गीतों से समां बांधा तो हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया। संगीतमयी महौल में लोगों ने एक दूसरे के साथ सेल्फी लेकर यादगार तस्वीर बनाई। आयोजन समिति के अरूण पाठक ने बताया कि साल 2024 के स्वागत में लोग एक दूसरे को मिठाई खिलाई और सहभोज किया। वन विभाग कॉलोनी में युवाओं ने केक काटा और नए साल को शुरू होने की खुशियां मनाई। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में भी युवाओं ने केक काटकर नए साल की खुशी मनाई। रात 12 बजे तक हॉस्टल में न्यू ईयर का कार्यक्रम किया गया।
-
पार्क और होटलों में पहुंचे लोग
शहर के होटल और रेस्टोरेंट में लोग परिवार के साथ आनंद की अनुभूति की। लोग परिवार और दोस्तों के साथ होटल में पहुंचे और नए साल को यादगार बनाया। होटलों में भी लोग सेल्फी और फोटो कराते हुए दिखे। शहर के उद्यान पार्क में जाने वाली की संख्या अधिक रही, जबकि बौद्ध वन विहार पार्क में महिलाओं व बच्चों ने झूले पर लुत्फ उठाया। आसपास लगे खाने पीने के स्टॉल पर भी चहल पहल ज्यादा रही।
धर्म स्थलों पर जाएंगे लोग
नए साल के पहले दिन सोमवार को लोग परिवार के साथ धर्म स्थलों में जाएंगे। शहर के श्री सिंहेश्वरी मंदिर में सुबह से ही लोगों का तांता लग जाएगा।
इसी प्रकार पल्टा देवी मंदिर शोहरतगढ़, योग माया मंदिर जोगिया, हनुमान गढ़ी नौगढ़ एवं पल्टन नाथ मंदिर सेमरा में लोग दर्शन करके दिन की शुरुआत करेंगे। इसके साथ कपिलवस्तु और बाणगंगा बैराज जाकर भी लोग आनंद की अनुभूति करेंगे।