डुमरियागंज। डुमरियागंज नगर पंचायत में साप्ताहिक बंदी बेअसर साबित हो रही है। रविवार बंदी को भी आम दिनों की तरह नगर के बढ़नी बस्ती, बांसी, भाड़रिया मार्ग पर स्थित दुकानें खुली रहीं। श्रम विभाग ने रविवार का दिन साप्ताहिक बंदी के लिए निर्धारित किया है और नियमों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी का आदेश भी है। बावजूद इसके सारे नियम कानून यहां बेमतलब साबित हो रहे हैं।
डुमरियागंज नगर पंचायत स्थित मंदिर चौराहा, रोडवेज रोड, शाहपुर, बैदौलागढ़ चौराहा आदि रोड पर किराना, रेडीमेड, कपड़ा, हार्डवेयर, इलेक्ट्रॉनिक पार्टस आदि दुकानों सहित अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान खुले हैं। रविवार को साप्ताहिक बंदी के आदेश को दरकिनार कर लोग अपनी दुकानें खुली रखते हैं। जबकि नियमानुसार बंदी के दिन मिठाई, खानपान व नाई की दुकानों को छोड़कर सभी प्रतिष्ठान बंद रखने का आदेश है। लेकिन मंदिर चौराहा और जिला परिषद मार्केट की कुछ दुकानों को छोड़कर पूरा बाजार खुला रहता है। नगर में स्थित एक प्रतिष्ठान पर काम करने वाले अजय, राकेश ने बताया कि साप्ताहिक अवकाश वाले दिन भी दुकान खुली होने के कारण कम पर आना पड़ता है। आम दिनों में छुट्टी लेने पर भी परेशान किया जाता है।
काम पर नहीं आने पर हटाए जाने का भय रहता है। परिवार पालना है, तो काम पर आना ही पड़ेगा। क्षेत्र के व्यवसायियों ने साप्ताहिक बंदी को प्रभावी बनाए जाने की मांग प्रशासन और श्रम विभाग से की है। इस संबंध में एसडीएम संजीव कुमार दीक्षित ने कहा की साप्ताहिक बंदी के दिन दुकान खोलने के संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई दुकानदार नियम का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।