जोगिया ब्लाॅक के लखनापार गांव के पास खराब पड़ा है ओवरहेड टैंक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जोगिया ब्लाॅक के लखनापार गांव के पास शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए स्थापित ओवरहेड टैंक से एक वर्ष से जलापूर्ति बंद है। इसके बंद होने से दो गांवों के पांच हजार से अधिक लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया नहीं हो पा रहा है। जिस कारण उन्हें मजबूरी में अशुद्ध पेयजल का उपयोग करना पड़ रहा है।
लखनापार गांव के पास स्थित ओवरहेड टैंक के पाइप लाइन से ग्राम पंचायत लखनापार और बड़रा के सभी टोले शुद्ध पेयजल की आपूर्ति होती थी। बीते वर्ष बाढ़ के बाद वाटरहेड टैंक का बोरिंग स्टार्टर खराब होने के बाद से वाटर सप्लाई बंद हो गई। साथ ही गांव में लगी पाइप लाइन जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई है। वाटरहेड टैंक के ऑपरेटर रामरतन ने बताया कि इस परियोजना से दो गांवों के लोगों को जलापूर्ति की जाती थी, वर्तमान में इसके खराब होने से सप्लाई बंद है। इससे गांव के लोगों को निजी हैंडपंप के अशुद्ध पेयजल का उपयोग करना पड़ रहा है।
एक साल से पेयजल आपूर्ति नहीं होने के कारण निजी हैंडपंप का अशुद्ध पानी पीना पड़ रहा है, इससे लोगों को पेट संबंधी बीमारियों से जूझना पड़ रहा है।
बुद्धराम, निवासी लखनापार
पहले लखनापार और बड़रा में पेयजल की आपूर्ति होती थी, वर्तमान में अपूर्ति बंद होने व गांव में जगह-जगह पाइप क्षतिग्रस्त होने से समस्या हो रही है।
रामदीन, निवासी लखनापार
पिछले साल बाढ़ के बाद से ही खराब होने के कारण पाइप पेयजल योजना बंद होने से जलापूर्ति नहीं हो रही है। इससे जल्द दुरुस्त कराया जाए।
शिवप्रसाद, निवासी लखनापार
एक साल से अधिक समय से शुद्ध पानी सप्लाई नहीं मिल रही है, इसे लोगों को पीने के लिए पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है।
रमाशंकर, निवासी बड़रा
-
जिम्मेदार बेपरवाह
प्रधान प्रतिनिधि गिरीश ने बताया कि एक साल पहले उन्होंने बीडीओ को इस बारे में जानकारी दी थी, लेकिन यह ठीक नहीं पाया है। बीडीओ जोगिया अरुन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभी उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी, अब उच्चाधिकारियों को सूचित कर इस समस्या का समाधान कराएंगे।
पता कराते हैं कि लखनापार पाइप पेयजल योजना किस विभाग अथवा संस्था की तरफ से संचालित है, इसके बाद इसे दुरुस्त कराने का निर्देश दिया जाएगा।
मदनराम पाल, अधिशासी अभियंता, जलनिगम