सिद्धार्थनगर। शीत लहर और हाड़ कंपाती ठंड के चलते जिले में संचालित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की शिक्षिकाएं परेशान हैं। वह अवकाश प्रदान करने के लिए शुक्रवार को डीएम पवन अग्रवाल से मिलीं। कस्तूरबा विद्यालयों में भी शीतकालीन अवकाश का अनुरोध किया है।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष आदित्य शुक्ला की अगुवाई में केजीबीवी संघ की पदाधिकारी ममता सिंह, निशा सिंह, शशिकिरण, नीलम चतुर्वेदी, नीता वर्मा, गीता यादव आदि ने डीएम को पत्र में लिखकर कहा है कि जिले के सभी स्कूल ठंड के चलते बंद हो गए हैं। जबकि कस्तूरबा विद्यालय में पढऩे वाले बच्चियों के स्कूल अभी भी संचालित हो रहे हैं। अभिभावक लगातार बच्चियों को घर ले जाने की जिद कर रहे हैं। इससे विद्यालय की व्यवस्था बिगड़ रही है। इसके पूर्व इन लोगों ने बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय को भी ज्ञापन सौंपा है। इस दौरान हरिशंकर सिंह, संतोष पांडेय, सितारा, सरोज आदि मौजूद रहीं।