शोहरतगढ़। स्थानीय थाने की पुलिस ने अपहरण के मामले में वांछित राहुल चौहान को खुनुवां बाईपास के मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष शोहरतगढ़ नवीन कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी की मां ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव में खेसरहा थाना के कलनाखोर निवासी राहुल चौहान की रिश्तेदारी है। गांव में आता-जाता था। वह मेरी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। मामले को संज्ञान में लेकर युवक के विरुद्ध अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस टीम जुटी थी। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर आरोपी की तलाश कर रही थी। सोमवार को सूचना मिली कि खुनुवां बाईपास के मोड़ के पास आरोपी मौजूद है और नेपाल भागने के फिराक में है। मौके पर पुलिस टीम पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। उसके बाद विधिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।