संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। खेसरहा विकास क्षेत्र के करही बगही गांव में वर्तमान प्रधान की बीमारी के कारण बीते अप्रैल माह मेंं मृत्यु हो गई थी। रिक्त हुई ग्राम प्रधान पद का उपचुनाव बुधवार को होगा। करही बगही ग्राम पंचायत के वर्तमान महिला प्रधान कलावती पत्नी रामपति उर्फ बबलू की बीमारी के कारण अप्रैल में मौत हो गई थी। उसके उपरांत गांव के विकास कार्य को सुचारु रूप से चलाने के लिए पांच माह के लिए प्रशासक नियुक्त किया गया था। निर्वाचन अधिकारी उक्त ग्राम पंचायत में उपचुनाव की तिथि घोषित की गई है। मंगलवार को मतदेय स्थल पर पोलिंग पार्टी पहुंचने के बाद एसडीएम बांसी प्रमोद कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि निष्पक्ष मतदान कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी के लहजे में कहा कि मतदान के दौरान यदि कोई उपद्रव करता मिला तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मतदान स्थल पर तीन बूथ बनाये गये हैं। बूथ संख्या-43 पर 589, बूथ संख्या 44 पर 400 तथा बूथ संख्या 45 पर 500 मतदाता प्रधान चुनने के लिए मतदान करेंगे। मतदेय स्थल पर पेयजल व शौचालय की व्यवस्था सही मिली। मतदान कर्मियों ने बताया कि बिजली की समस्या बरकरार है।