लेखपाल व प्रधान ने एसडीएम डुमरियागंज को दिया पत्र
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मधुकरपुर चौबे गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मधुकरपुर चौबे गांव के ग्राम प्रधान शिवचरण व हल्का लेखपाल सुधीर श्रीवास्तव ने एसडीएम डुमरियागंज के माध्यम से थाना त्रिलोकपुर पर प्रार्थना पत्र दिया है। प्रधान व लेखपाल ने त्रिलोकपुर पुलिस को दिए अपने शिकायती पत्र में गांव के लोगों पर जबरियां बाढ़ राहत सामग्री किट को छीनने व विरोध करने पर मारपीट का भी आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में प्रधान व लेखपाल ने बताया है कि शुक्रवार को शाम करीब 6 बजे रमवापुर राउत नहर के पास मधुकरपुर चौबे गांव का बाढ़ राहत किट वितरण किया जा रहा था। इसी बीच मधुकरपुर चौबे गांव के कुछ लोग गोल बनाकर आए और वितरण लिस्ट हाथ से छीन कर फाड़ दिए। बोलने पर मारपीट पर अमादा हो गए और 10 किट लेकर चले गए। ग्राम प्रधान शिवचरण ने जब विरोध किया तो मारपीट की और राहत वितरण बंद करवा दिया। लेखपाल व ग्राम प्रधान ने उच्चाधिकारियों से जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर विजय शंकर सिंह ने कहा कि अभी हमें कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। प्रार्थना पत्र मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।