डुमरियागंज ब्लॉक के ग्राम रतैना में डीएम के निरीक्षण में हुआ खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज ब्लॉक के ग्राम रतैना में बिना कार्य कराए ही 4.52 लाख रुपये गबन करने के मामले में ग्राम पंचायत अधिकारी विनय सिंह को निलंबित कर दिया गया। डीएम डॉ. राजागणपति आर ने 10 अगस्त को ग्राम पंचायत रतैना का निरीक्षण किया था, जिस दौरान इसका खुलासा हुआ था। जिस पर डीपीआरओ पवन कुमार ने यह कार्रवाई की है।
जिलाधिकारी के निरीक्षण में ग्राम पंचायत रतैना में गौहनिया ताज से जंगलीपुर सरहद तक सीसी रोड निर्माण कार्य को प्रारंभ कराये बगैर ही 2,48,751 रुपये का भुगतान कर धनराशि का गबन करने का मामला सामने आया। चंद्रप्रकाश के खेत से वाजिद के खेत तक इंटरलाकिंग कार्य को प्रारंभ कराये बगैर ही 2,04,654 रुपये का भुगतान कर धनराशि का गबन कर लिया गया। प्राथमिक विद्यालय गौहनियाताज के बाउंड्रीवाल से संबंधित अभिलेखप्रस्तुत न करना एवं जो अभिलेख प्रस्तुत किये गये उस पर किसी भी का हस्ताक्षर नही पाया जाना तथा प्राथमिक विद्यालय के भवन के क्षत से पानी टपकता हुआ पाया जाना। इसके साथ ही सामुदायिक शौचालय में सफाई नहीं होने, पंचायत भवन का छत टपकने व इंटरलाकिंग कार्य मे साईड ऐजिंग के क्षतिग्रस्त होना पाया गया। इन आरोपों के बाद डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी विनय सिंह को निलंबित कर दिया। उन्हें डुमरियागंज ब्लॉक कार्यालय से संबद्ध करते हुए एडीपीआरओ को जांच अधिकारी नामित किया गया है।