भनवापुर। स्थानीय ब्लाॅक क्षेत्र के सिरसिया गांव के दलित बस्ती में 30 वर्ष के विवादित मामले को ग्राम-प्रधान ने नाली की सफाई करवा दी। इससे लोगों को काफी राहत मिली है। सिरसिया गांव के गंगाराम, पूरन, राजाराम, हरिराम, लक्ष्मीकांत, ओमप्रकाश आदि ने 17 अगस्त को समाधान दिवस में लिखित सूचना देते हुए बताया था कि कुछ लोगों के अतिक्रमण के चलते नाली साफ न होने के कारण बरसात व नल का पानी भरा रहता है।
इसे संज्ञान लेने की बात एडीएम उमाशंकर ने कही थी। बृहस्पतिवार को ग्राम प्रधान शिवरतन अग्रहरि की अगुवाई में पुलिस बल की मौजूदगी में ग्रामीणों ने नाली साफ किया, इससे बरसात और नल का पानी निकालने में आसानी होगी। ग्राम प्रधान शिवरतन अग्रहरि ने बताया कि पिछले लगभग 30 वर्ष से यह नाली अतिक्रमण की चपेट में थी। पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटवाया गया और ग्रामीणों के माध्यम से नाली साफ करवाई गई। अब बरसात और नल का पानी सीधे तालाब में चला जाएगा।