डुमरियागंज। स्थानीय तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक का सरकारी अभिलेख फाड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में शनिवार को एसडीएम ने संबंधित राजस्व निरीक्षक को एक दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने का नोटिस दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राजस्व निरीक्षक अभिलेख को फाड़ते दिख रहे हैं, साथ ही एक व्यक्ति को फाड़े हुए अभिलेखों का फोटो बनाने और किसी व्यक्ति को फंसाने की भी धमकी दे रहे हैं। लोगों में चर्चा है कि एक व्यक्ति ने संबंधित राजस्व निरीक्षक पर धारा 24 के लिए 25 हजार रुपये घूस लेने का आरोप लगाया था, जिसे फंसाने की बात अभिलेख फाड़ रहे राजस्व निरीक्षक वायरल वीडियो में कर रहे हैं। वायरल वीडियो भड़रिया गांव का तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। एसडीएम डुमरियागंज कुणाल सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए संबंधित राजस्व निरीक्षक को एक दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस दिया गया है। नोटिस का जवाब मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।