सिद्धार्थनगर। खुनुवां के सीमाई क्षेत्रों के रास्ते से तस्कर नेपाल में साइकिल से चावल पहुंचा रहे हैं। तस्करी के इस खेल का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया है, जो इस समय तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो रविवार सुबह का बताया जा रहा है।
सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों की लाख कोशिशों के बाद चावल, खाद, गेहूं सहित अन्य सामन की तस्करी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते दिनों मंडी समिति, पुलिस, एसएसबी और कृषि विभाग ने नेपाल भेजे जा रहे चावल, खाद, गेहूं की कई खेप पकड़ कर सीज व अर्थदंड लगाकर कार्रवाई की थी। लेकिन रविवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें दिखाई दे रहा है कि तस्कर साइकिल पर चावल लादकर भारतीय सीमा से बॉर्डर पार कर नेपाल ले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि बार्डर के नजदीक इलाकों के गांव में चावल को भंडारित किया जाता है। मौका मिलते ही तस्कर साइकिल व बाइक से नेपाल पहुंचा देते हैं। चार दिन पहले मंडी समिति के अधिकारी रामजी ने नेपाल बॉर्डर के किनारे कर्मा व गनचौरा में दो पिकअप पर लदी 45 क्विंटल चावल पकड़ा था।
बताया जा रहा है कि जो चावल भारत में 32 से 35 रुपये प्रति किलो है। वहीं नेपाल के बाजार में 50 से 55 रुपये में बिक रहे हैं। इस संबंध में एसडीएम प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर कार्रवाई की जाएगी। नेपाल बार्डर से सटे भारतीय सीमा के गांवों की जांच की जा रही है। भंडारित चावल, खाद, गेहूं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।