लंपी वायरस की आई वैक्सीन, सुरक्षित होंगे गोवंश
सिद्धार्थनगर। पंजाब, राजस्थान सहित अन्य राज्यों में तबाही मचाने वाली लंपी नामक चमड़ी की बीमारी से सुरक्षा के लिए जिले में वैक्सीन की आपूर्ति हो गई है। पशु चिकित्सा विभाग को वैक्सीन की 50 डोज मिली है। 14 ब्लॉकों में 28 टीमें गोवंशों का टीकाकरण कर रही हैं।
कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही एवं जिलाधिकारी संजीव रंजन, मुख्य विकास अधिकारी जयेंद्र कुमार ने मंगलवार को जिलाधिकारी आवास से वैक्सीन वैन को रवाना किया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ एमपी सिंह ने कहा कि सबसे पहले गोशालाओं में वैक्सीनेशन किया जाएगा। गोशालाओं के लिए 3900 वैक्सीन भेजी गई है। पहले चरण में 20 अक्तूबर तक टीकाकरण किया जाएगा। वैक्सीन की 50 हजार डोज प्राप्त हुई है, जबकि जिले में 97,680 गोवंश हैं। पशुधन प्रसार अधिकारी अरुण कुमार प्रजापति ने कहा कि चार माह से कम उम्र के पशुओं के बच्चों तथा छह माह से ऊपर के गर्भित गोवंशों को वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी।
लंपी स्किन डिजीज वैक्सीनेशन प्रोग्राम के नोडल अधिकारी डॉ. आरबी यादव, डॉ. जावेद अहमद, डॉ विनोद कुमार, डॉ. प्रभाकर विक्रम सिंह, डॉ प्रदीप कुमार, डॉ. विजय वर्मा, डॉ. योगेश उपाध्याय, डॉ. बृजेश पटेल, रमेश चंद्र, शनि चौधरी आदि मौजूद थे।